रुद्रपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए परिवहन विभाग ने 27 और 28 अक्टूबर को रुद्रपुर समेत ऊधम सिंह नगर जिले में दो दिवसीय सघन चेकिंग अभियान चलाया। संभागीय परिवहन अधिकारी, प्रवर्तन, हल्द्वानी के निर्देशन में पुलिस और अन्य विभागों के सहयोग से दिन-रात संयुक्त चेकिंग की गई। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 117 वाहनों को सीज किया गया।
परिवहन विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभियान में तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने जैसे मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने पर 201 चालान किए गए, जबकि बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 192 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
ओवरलोडिंग के मामलों में भी विभाग ने सख्ती दिखाई। भार वाहनों में ओवरलोडिंग के 53 और यात्री वाहनों में 47 मामले दर्ज किए गए। वहीं, नशे की हालत में वाहन चलाने के 21 मामलों में कार्रवाई की गई। विभाग की विज्ञप्ति में अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई है।
अभियान में रुद्रपुर, हल्द्वानी, काशीपुर, मझोला और सुतईया सहित विभिन्न प्रवर्तन एवं सचल दलों ने भाग लिया। विभाग का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ-साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की अपील की है। साथ ही नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, वाहनों में क्षमता से अधिक भार नहीं लादने और जरूरी दस्तावेज दुरुस्त रखने की हिदायत दी गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी सख्त प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।
