पिथौरागढ़ के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले में हुए विवाद के बाद अब उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला है। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ला ने प्रेस वार्ता कर धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी के आचरण पर सवाल उठाए हैं और पार्टी से उन्हें तत्काल निलंबित करने के साथ-साथ सार्वजनिक माफी की मांग की है पूरा विवाद पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद धारचूला के कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने मंच पर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। इस दौरान मंच पर तोड़फोड़ करने और माइक फेंकने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिस पर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस घटना को लेकर बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ला ने अपने आवास पर प्रेस वार्ता की और कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लिया। राजेश शुक्ला ने आरोप लगाया कि विधायक का मंच पर व्यवहार बेहद अमर्यादित था और लोकतंत्र में इस तरह की घटनाओं या अभद्र आचरण का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि इस घटना से कांग्रेस की चाल, चरित्र और चेहरा जनता के सामने आ गया है। बीजेपी प्रवक्ता राजेश शुक्ला ने मांग की है कि यदि कांग्रेस लोकतंत्र में विश्वास रखती है, तो उसे अपने विधायक के इस व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और हरीश धामी को तत्काल पार्टी से निलंबित करना चाहिए।