रुद्रपुर- 19 फरवरी की रात्रि को राहगीर को चाकू दिखाकर मोबाइल व नगदी लूटने वाले नशेड़ी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पता चला कि अभियुक्त नशे का लती है और नशे की पूर्ति के लिए रात्रि को राह चलते लोगों को चाकू दिखाकर लूटपाट की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर दिया।
बताते चलें कि चुकटी देवरिया किच्छा के रहने वाले यक्षेंद्र सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए बताया था कि 19 फरवरी की रात्रि 8 बजे जब वह गांधी पार्क के सामने एक ट्रेवल्स कर्मी दोस्त से मिलकर पैदल लौट रहा था। इस बीच जब वह त्रिशूल चौक पहुंचा तो एक व्यक्ति ने धक्का देकर नाले की तरफ धकेल दिया और धारदार चाकू निकालकर हत्या करने की धमकी दी। साथ ही राहगीर से एक मोबाइल और चार हजार की नगदी लूट ली।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जब घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया और 22 फरवरी की शाम को पुलिस ने पहाड़गंज निवासी इरफान खान को दबोच लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह नशे का लती है और नशे की पूर्ति के लिए वह रात्रि को राह चलते लोगों को चाकू दिखाकर लूटपाट की वारदात को अंजाम देता है। बताया कि उसने चार से पांच लोगों से लूटपाट की। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर दिया है।





