रुद्रपुर : मुख्य बाजार स्थित एक ज्वैलर्स दुकान कर्मी द्वारा सोने की चेन चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप यह भी है कि अभियुक्त ने इससे पहले भी चांदी की चोरी की घटना कर चुका है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मुख्य बाजार निवासी हरदीप भल्ला ने बताया कि उसकी जेजे ज्वैलर्स के नाम से सुनार की दुकान है। दुकान पर संजय नाम का युवक भी काम करता है जो कि सितारगंज का रहने वाला है। बताया कि 14 फरवरी की दोपहर पौने दो बजे भीड़ भाड़ का फायदा उठाते हुए दो ग्राम की ब्रेसलेट व सोने की चेन रिकॉर्ड में कम पाई गई। जिसके बाद युवक भाभी की तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर चला गया। जब सीसीटीवी कैमरे खंगाले। युवक की हरकत संदिग्ध लगी और वह अपनी बेल्ट के नीचे कुछ छुपाता हुई दिखाई दिया। ताकि मेटल डिटेक्टर से बचकर निकल सके।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी भीड़ भाड़ होने के दौरान चांदी के आभूषण गायब हुए थे, लेकिन ठोस सबूत नहीं होने के कारण ज्वैलर्स कर्मी पर संदेह नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि जब आरोपी संजय को फोन कर बुलाने का प्रयास किया तो उसने मोबाइल बंद कर लिया। इससे संदेह पक्का हो गया। ज्वैलर्स स्वामी ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर सोने व चांदी के आभूषण की बरामदगी करते हुए कार्रवाई का मुद्दा उठाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तलाश तेज कर दी है।





