हल्द्वानी, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से नौ अक्टूबर को शहर में व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। शहर के एक होटल में हुई प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री हर्षवर्धन पांडे ने बताया कि सम्मेलन में प्रदेशभर की 393 इकाईयों से व्यापारी प्रतिनिधि जुटेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व्यापारियों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं पर चर्चा करेंगे। सम्मेलन में व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं और प्रदेश के व्यापारिक हितों से जुड़े प्रस्तावों पर भी मंथन किया जाएगा।
व्यापार मंडल के अनुसार सम्मेलन में प्रदेश के सीमांत क्षेत्रों से भी व्यापारी प्रतिनिधि पहुंचेंगे। नेपाल और तिब्बत सीमा से लगे पिथौरागढ़, धारचूला के अलावा हिमाचल सीमा से लगे यमुना घाटी क्षेत्र के व्यापारी भी इसमें शामिल होंगे। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा ने बताया कि आठ अक्टूबर को 250 से अधिक व्यापारी प्रतिनिधियों के हल्द्वानी पहुंचने की संभावना है। उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत से भी प्रतिनिधि सम्मेलन में भाग लेंगे।