बरेली उत्तर प्रदेश के बरेली में भू-माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे सरकारी नहरों को भी नहीं बख्श रहे हैं। मामला थाना सुभाषनगर क्षेत्र के ग्राम चंदपुर बिचपुरी का है, जहाँ रोहिलखंड नहर (शारदा) की गाटा संख्या 524 और 470 की करीब 8850 वर्ग मीटर सरकारी ज़मीन पर ग्रामीण श्याम सिंह राठौड़ ने अवैध कब्ज़े का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 28 मार्च की रात अज्ञात लोगों ने जेसीबी मशीनों के जरिए पूरी नहर को पाटकर समतल कर दिया। यह नहर ‘मिल्कियत सरकार’ के नाम दर्ज है। नहर के समतल होने से आस-पास के किसानों के सामने सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है, जिससे भारी आर्थिक नुकसान की आशंका है।
इस मामले में मुख्य अभियंता रोहिलखंड नहर खंड को पत्र भेजकर मौके का भौतिक निरीक्षण करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी बरेली और अधिशाषी अभियंता को भी भेजी गई है।





