रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में अलग-अलग दो युवकों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने का इंतजार किया जायेगा।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से ग्राम केसरपुर बरेली निवासी करीब 25 वर्षीय महेंद्र पुत्र स्व. सियाराम यहां श्मशान रोड विवेक नगर ट्रांजिट कैम्प में किरायेदार के रूप में अकेला रहता था और मजदूरी करता था।
बताया जाता है कि पड़ोस में रहने वाले उसके साले अनिल ने भांजी की फोटो अपने मोबाईल में लगा रखी थी। जिसको लेकर महेन्द्र ने उससे एतराज जताया था। इसके बाद उसने अनिल के मोबाइल से वह फोटो हटा दी थी। गत दिवस मकान मालिक की पुत्री करीब प्रातः 11 बजे कोई सामान ढूंढते हुई महेन्द्र के कमरे की तरफ गई तो उसने महेन्द्र को कमरे में फांसी पर लटका देखा। उसने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। लेकिन पुलिस को मामले की जानकारी करीब शाम 4 बजे मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंची और मकान मालिक सहित वहां मौजूद लोगों से मृतक के बारे में जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय भिजवाया। पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने का इंतजार किया जायेगा।
इधर मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक के तीन भाई रामप्रताप, बुद्धसेन व पप्पू और हैं जो ग्राम में रहकर मजदूरी करते हैं। वहीं दूसरा मामला वार्ड नं. सात शिवनगर का है। यहां 38 वर्षीय हरेन्द्र पुत्र श्री चंद ने संदिग्ध हालातों में फांसी लगाकर जान दे दी। 112 पर सूचना मिलने के बाद उप निरीक्षक गणेश पांडे, उप निरीक्षक विकास रावत टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पूछताछ में मृतक के परिजनों ने बताया कि उक्त हरेंद्र नशे का आदि था और अपनी पत्नी से अकसर मारपीट करता था। कोतवाल भारत सिंह ने बताया कि पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।




