बरेली में मौलाना तौकीर रजा खान की शनिवार रात तबीयत बिगड़ गई। उन्हें शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर उन्हें दिल्ली रेफर किया गया है।इत्तेहादे मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान को उपचार के लिए दिल्ली रेफर किया गया है। दो पहले तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई। इस पर उन्हें उपचार के लिए दिल्ली ले जाया गया है। आईएमसी के मीडिया प्रभारी मुनीर इदरीसी ने बताया कि मौलाना तौकीर रजा खान को सीने में दर्द और सांस लेने में दिक्कत के बाद बरेली के खुशलोक अस्पताल में डॉक्टर मनाजिर इकबाल को दिखाया गया, जहां उनको भर्ती कर इलाज शुरू हुआ। तमाम जांचों के बाद उनको दिल्ली रेफर किया गया है। 27 मार्च को कोर्ट में पेश होने का है आदेश बता दें कि बरेली में 2010 दंगे को लेकर मौलाना को पिछले दिनों कोर्ट ने मास्टरमाइंड बताया था। उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए गए थे। वह हाईकोर्ट गए तो वहां से ट्रायल कोर्ट में 27 मार्च को हाजिर होने का निर्देश दिया गया। उन्हें 27 मार्च को हाईकोर्ट के आदेश पर स्थानीय अदालत में पेश होना है। इससे पहले उनकी सेहत खराब होने से तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मौलाना तौकीर रजा के समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।





