रुद्रपुर। मॉडल कॉलोनी स्थित शहर के प्रतिष्ठित कोलंबस पब्लिक स्कूल के प्रांगण में विद्यालय का स्थापना दिवस बहुत ही हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया। विद्यालय के सफलतापूर्वक 27 वर्ष पूर्ण होने के इस शुभ अवसर पर विद्यालय प्रांगण में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पॉलीथीन बाबा के नाम से प्रख्यात पर्यावरण कार्यकर्ता डॉ0 प्रभात उप्रेती जी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। साथ ही नगर के प्रतिष्ठित चिकित्सकगण डॉ0 नितिक बाठला, डॉ0 प्रशान्त भारद्वाज, डॉ0 नवीन अग्रवाल व डॉ0 कोपल माहेश्वरी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में पधार कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
विद्यालय प्रांगण में देर शाम सम्पन्न हुए कार्यक्रम में सर्वप्रथम विद्यालय के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार खेड़ा ने उपस्थित महानुभावों को पुष्पगुँज भेंट कर उनका औपचारिक स्वागत किया। तत्पश्चात् प्रबंध निदेशक मनोज खेड़ा , ललित खेड़ा, प्रधानाचार्य मनोज कुमार व सभी विशिष्ट अतिथियों ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित किया व सामूहिक रूप से केक काटकर विद्यालय का स्थापना दिवस मनाया। कार्यक्रम को गति प्रदान करते हुए विद्यालय के छात्रा-छात्राओं द्वारा विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुतियाँ दी गई। संगीत की मनमोहक मधुर तान व नृत्य की खनक पर उपस्थित सभी दर्शक थिरकते नजर आए। रंगारंग कार्यक्रमों का मुख्य आकर्षण हिन्दी नाटक ’ख्वाब अभी बाकी है’ रहा जिसने दर्शक दीर्घा में रोमांच और उत्साह भर कर खूब वाहवाही लूटी। साथ ही इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2023-24 के मेधावी छात्र-छात्राओं को शैक्षिक व पाठ्य सहगामी गतिविधियों में उनके उच्च कोटि के प्रदर्शन के लिए स्कॉलर मेडल व सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न कार्यक्षेत्रों में उच्च पदों पर सेवा दे रहे विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं को भी दुशाला ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह प्रदान कर विद्यालय द्वारा सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार जी ने अपने उद्बोधन में विद्यालय की 27 वर्षों की प्रगति आख्या प्रस्तुत कर विद्यालय की विभिन्न उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 7 अप्रैल 1997 में विद्यालय के संस्थापक स्व0 बालीराम खेड़ा द्वारा कोलम्बस स्कूल की नींव रखी गई थी तत्पश्चात् विद्यालय के चेयरमैन केसरदास खेड़ा के अथक प्रयासों से कोलम्बस पब्लिक स्कूल नित नई ऊँचाइयों को छूता गया और नए-नए कीर्तिमान स्थापित करता गया। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार खेड़ा जी के दूरदर्शी विचारधारा व कुशल नेतृत्व में विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नित नए मुकाम हासिल कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि डॉ0 प्रभात उप्रेती जी ने अपने उद्बोधन में मेधावी छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को निखारने के लिए विद्यालय प्रबंधन की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। साथ ही पिछले तीन दशकों से भी अधिक समय से ‘सिंगल यूज प्लास्टिक’ के लिए संघर्षरत अपने अनुभवों को साझा कियाविद्यालय के प्रबंध निदेशक मनोज खेड़ा ने अपने भाषण के दौरान कहा कि कोलम्बस पब्लिक स्कूल छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अनवरत् रूप से प्रयासरत है और भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर अग्रसर रहेगा। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों का विद्यालय की नीतियों एवं छात्रहित में किए जाने वाले विभिन्न पाठ्य सहगामी गतिविधियों के प्रति विश्वास व रूचि बनाए रखने के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की उपप्रधानाचार्या डॉ0 कामेश मित्तल ने धन्यवाद प्रस्ताव पढ़कर कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर श्वेता खेड़ा, ए0के0बटसर, हेम पन्त, शलेंद्र ग्रोवर, अजमेर सिंह , मनमोहन सिंह सहित शहर भर के गणमान्य, विद्यालय के अभिभावकगण व कर्मचारीगण मौजूद रहे।




