सितारगंज। सितारगंज कोतवाली क्षेत्र के टुंडलिया गांव में रात में डकैतों ने किसान ओम प्रकाश पुत्र बाबूराम के घर में धावा बोलकर लोखें के जेवर व नगदी लूट ली। बदमाशों की संख्या सात-आठ के करीब थी। गुरुवार की मध्य रात्रि करीब 12.30 बजे बदमाश ओम प्रकाश के घर में घुसे। बदमाशों ने ओमप्रकाश , उनकी पत्नी, दो बेटे, बहु को बंधक बना लिया। हाथ, पैर बांधकर आंखों में पट्टी बांध ली। करीब 25 मिनट तक घर को खंगाला। ओमप्रकाश के दोनों पुत्र सुनील कुमार और कपिल कुमार को चाकू व डंडों से वार कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। बदमाशों ने परिवारजनों के साथ मारपीट की। परिजनों के अनुसार करीब 15 तोला सोना, एक लाख की नगदी व चांदी समेत कीमती सामान ले गये। ओमप्रकाश ने काफी मशक्कत के बाद खुद को बंधनमुक्त कर परिवारजनों की रस्सियां खोली और पड़ोसियों को सूचना दी। ग्रामीणों रात में बदमाशों को खोजने में जुटे रहे। रात में घायलों को सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही कोतवाल भूपेंद्र बृजवाल, एसएसआई विनोद फर्त्याल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, सीओ ओमप्रकाश, एसओ पुलभट्टा कमलेश भट्ट समेत जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस सितारगंज पहुंची। रात में ही पुलिस की सात टीमें गठित कर यूपी व आसपास के क्षेत्र में भेज दी गयी। गांव के बीच के घर में हुई डकैती से ग्रामीण हतप्रभ हैं। ओमप्रकाश के बेटे की 22 फरवरी को शादी हुई थी। इसलिए दुल्हन व परिवारजनों के जेवर घर पर थे।




