रुद्रपुर। थाना पुलभट्टा पुलिस ने 25 हजार के इनामी वांछित नशा तस्कर ननुवा को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलभट्टा के साथ किच्छा पुलिस को भी उसकी तलाश थी। वह लंबे समय से स्मैक की तस्करी कर रहा था।
एसओ पुलभट्टा कमलेश भट्ट ने वांछित नशा तस्कर की तलाश में टीमें गठित की थी। उसके लगातार फरार होने पर एसएसपी ने उस पर 25 हजार का इनाम घोषित कर दिया था। सोमवार दोपहर को एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने खुलासा करते हुए बताया कि रविवार शाम पुलिस को वांछित ननुवा के सतुईया गांव के रास्ते किच्छा जाने की सूचना मिली । इस पर थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट के निर्देश पर एसआई पवन जोशी, हेड कांस्टेबल फिरोज खान, कांस्टेबल ललित चौधरी व एसओजी के कांस्टेबल खीम सिंह के साथ सतुईया मोड़ के पास घेराबंदी कर दी और रविवार शाम पुलिस ने संदिग्ध को दबोच लिया। उसने अपना नाम आनन्द कश्यप उर्फ ननुवा निवासी टीचर्स कालोनी किच्छा बताया। आनन्द कश्यप उर्फ ननुवा के विरुद्ध पुलभट्टा व किच्छा में एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे दर्ज है। उन्होंने बताया कि आनंद प्रकाश उर्फ ननुवा की तलाशी में पुलिस ने एक तमंचा 315 बोर व दो जिंदा कारतूस बरामद कर लिए। उसके विरुद्ध शस्त्र अधिनियम का मुकदमा दर्ज किया है और जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही। एसपी सिटी ने बताया कि फरार ईनामी बदमाशों की धरपकड़ की जा रही है।




