रुद्रपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में पुलिस ने नशे के इंजेक्शनों के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गये इंजेक्शनों को वह बहेड़ी की एक महिला से खरीदकर लाया था। पुलिस के मुताबिक गश्त के दौरान जब पुलिस टीम इन्द्रा चौक से किच्छा रोड पर कूड़े के ढेर के पास आने जाने वाले वाहनों को चैक कर रही थी तभी एक व्यक्ति किच्छा की तरफ से रुद्रपुर की ओर पैदल पैदल आता दिखाई दिया जिसके हाथ में एक सफेद रंग का थैला था। पुलिस को देखकर वह घबरा गया और वापस किच्छा की तरफ तेजी से जाने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। जब उसके पास बैग में तलाशी ली गयी तो उसमें नशे के 45 इंजेक्शन बरामद हुए। पूछताछ में उसने अपना नाम जुनैद रजा पुत्र रशीद खान निवासी वार्ड नं 17 खेड़ा रुद्रपुर बताया। साथ ही बताया कि वह नशे का आदी है और काम धंधा नहीं मिलने के कारण नशे के इंजेक्शनों की तस्करी का काम करता है। पकड़े गये इंजेक्शनों को वह बहेड़ी की एक महिला से खरीदकर लाया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सम्बंधित धाराओं में उसका चालान करते हुए न्यायालय में पेश किया।




