रूद्रपुर। मुख्य बाजार में एक मेडिकल स्टोर में कार्य के लिए आ रहे युवक को मार्ग में विपरीत दिशा से आ रहे कैंटर चालक ने रौंद दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिये पहले निजी चिकित्सालय और फिर राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के अनुसार ग्राम भगिनी बुजुर्ग थाना खजुरिया रामपुर निवासी 20 वर्षीय विशाल पुत्र ओमकार यहां मुख्य बाजार स्थित दयाल मेडिकल स्टोर में काम करता था और प्रतिदिन घर से बाइक द्वारा आता था। बताया जाता है कि आज प्रातः वह अपनी बाईक पर सवार होकर ड्यूटी के लिए निकला तो मार्ग में ग्राम गोदी खाते के समीप विपरीत दिशा से आते कैंटर चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही विशाल के परिजन मौके पर आ गये और उसे उपचार के लिये एक निजी चिकित्सालय पहुंचाया। जहां हालत में सुधार न होने पर उसे राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विशाल की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया।




