बाजपुर। तेज गति से जा रही मारूति गाड़ी ने बाईक सवार तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में बाईक सवार तीनों लोगों की मौत हो गई जबकि गाड़ी में सवार दो महिलाओं, दो बच्चों समेत सात लोग घायल हो गये। सभी घायलों को सीएचसी लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों को गंभीर हालत में हायर सेंटर भेज दिया गया है। वहीं सूचना के बाद पहंुची पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम महेशपुरा निवासी राकेश अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ में रह रहा है। बीते रोज ग्राम हरिपुरा में राकेश के भतीजे की मौत हो गई थी जिसके शोक में राकेश का परिवार गुरूवार को एक मारूति ईको वैन में सवार होकर हरिपुरा जा रहा था। वहीं बरहैनी निवासी सुमित ठाकुर (23) पुत्र जयकुमार, रिफाकत (28) पुत्र रियासत तथा शराफत (50) पुत्र अमीर हुसैन निवासगीगण बरहैनी बाईक पर सवार होकर बाजपुर की ओर आ रहे थे कि मारूति वैन और बाईक के बीच भिड़ंत हो गई जिसमें बाईक सवार तीनों लोग गंभीर घायल हो गये। वहीं अस्पताल लाते समय रिफाकत तथा शराफत की मौत हो गई वहीं सुमित ठाकुर की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं वैन में सवार राकेश (42) पुत्र सुंदर लाल निवासी महेशपुरा, अनार वती (65) पत्नी सुंदर लाल, ममता (32) पति राजेश, रोहित (15) पुत्र राजू, अमन (10) पुत्र रमेश, वंदना (3) पुत्री राजेश तथा वाहन चालक गोविंद गंभीर घायल हो गये। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी लाया गया जहां डा0 तैयब की टीम ने घायलों का उपचार करने के बाद राकेश और गोविंद को हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं सूचना पर पहुंचे सीओ भूपेंद्र सिंह भंडारी ने मृतकों के परिजनों से जानकारी ली तथा उन्हें ढांढस बंधाया। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा भर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं सीओ भूपेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि पुलिस लगातार अभियान चलाकर लोगों को यातायात के नियमों का पालन करने की बात कहती है। लेकिन कुछ लोग इन नियमों का पालन नहीं करते जिससे हादसे हो रहे हैं।




