रूद्रपुर । संदिग्ध परिस्थितियों में घर पर युवक की मौत हो गयी। मौत का कारण अधिक शराब पीना माना जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के मुताबिक इदिरा कालोनी गली नंबर तीन निवासी 32 वर्षीय एकतांत वर्मा पुत्र अनिल कुमार वर्मा का शव संदिग्ध हालातों में कमरे में पाया गया। उसके मुंह से खून निकल रहा था। पूछताछ में पता चला है कि एकांत वर्मा विगत रात्रि शराब के नशे में घर आया था। वह लगातार उल्टी कर रहा था। जिस पर उसके चाचा ने उसे कमरे में लिटा दिया। अगले दिन जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों ने कमरे में जाकर देखा जहां एकांत वर्मा मृत पड़ा था। उसके मुंह से खून निकल रहा था। सूचना पर चौकी प्रभारी महेश कांडपाल, उप निरीक्षक सुनील बिष्ट ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी के मुताबिक मृतक के शरीर पर किसी भी तरह की चोट नहीं है। उसकी मौत अधिक शराब पीने की वजह से होने की आशंका है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। बताया जाता है कि मृतक सब्जी मंडी में चूड़ी का काम करता था। दो माह पूर्व ही उसकी पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गयी थी।




