किच्छा । गत दिवस साइकिल पर सवार होकर हल्द्वानी से अयोध्या श्री राम मंदिर दर्शन को निकले वृद्ध नगर निगम हल्द्वानी के सेवानिवृत कर्मी को किच्छा के पास मार्ग में अज्ञात वाहन चालक ने रौंद दिया जिससे वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव अपने कब्जे में लिया।
जानकारी के अनुसार देवलचौड़ हल्द्वानी निवासी नगर पालिका हल्द्वानी से सेवानिवृत 72 वर्षीय भुवन चन्द्र जोशी पुत्र मथुरा दत्त जोशी गत दिवस 4 बजे अयोध्या में श्री राम मंदिर के दर्शन करने के लिए साईकिल से रवाना हुए। देर रात किच्छा पहुंचने पर वह रोडवेज में ही रूक गये। आज तड़के भुवन जोशी किच्छा निवासी अपने छोटे भाई गोपाल दत्त जोशी जो ब्रिटानिया कम्पनी में नौकरी करते हैं के निवास गये। बड़े भाई को कंपकंपाती ठंड में अचानक सामने देख गोपाल चौंक गये। जानकारी लेने के बाद उन्होंने उन्हें बढ़ी उम्र तथा ठंड को देखते हुए घर में आराम देने के बाद समझाबुझा कर घर वापस भेज दिया। बताया जाता है कि भुवन जोशी जब साईकिल से गोकुल नगर के पास पहुंचे तो अज्ञात वाहन चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी वहां आ गये। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।




