रुद्रपुर। रुद्रपुर में जैसे ही कांग्रेस हाईकमान ने कार्यवाहक अध्यक्ष सीपी शर्मा को नगर अध्यक्ष घोषित किया तो मानो रुद्रपुर में कांग्रेस की राजनीति में भूचाल आ गया, हैरत की बात यह है यह कांग्रेसी ही एक दूसरे को आरोपों की फेहरिस्त में शामिल कर रहे हैं। गत दिनों नवनियुक्त कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा, पूर्व नगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा ही नहीं बल्कि रुद्रपुर की राजनीति में कांग्रेस के सबसे कद्दावर नेता तिलक राज बेहड़ पर भी आरोप लगा दिए थे। जिसको लेकर कांग्रेस में उठापटक शुरू हो गई है ।
पूरे उधम सिंह नगर में कांग्रेसियों की अलग-अलग प्रतिक्रिया आनी शुरू हो गई है। इसी को लेकर आज पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा ,पूर्व अध्यक्ष जगदीश तनेजा समेत कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने पत्रकार वार्ता की। मीना शर्मा ने कहा कि सीपी शर्मा ने जो टीका टिप्पणी उन पर की है उससे मन आहत है। उनके पति अनिल शर्मा पिछले 40 वर्षों से कांग्रेस पार्टी की सेवा कर रहे हैं और पिछले 16 वर्षों से वह भी सक्रिय राजनीति में है। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें सम्मान देते हुए नगरपालिका का टिकट दिया और वह चेयरमैन बनी ।बाद में उनकी निष्ठा ,लगन और इमानदारी को देखते हुए पिछले विधानसभा चुनाव में उन्हें विधायक का टिकट दिया गया। कांग्रेस पार्टी ने सदैव उन्हें सम्मान दिया है लेकिन नगर अध्यक्ष सीपी शर्मा जो बयान दे रहे हैं वह बिल्कुल बेबुनियाद हैं। उनका पूरा परिवार कांग्रेस पार्टी के लिए समर्पित है और कांग्रेस की सेवा करता रहेगा। उन्होंने कहा कि सी पी शर्मा ने जो आरोप उन पर लगाए हैं वह जान ले कि पिछले नगर निगम चुनाव से पहले उन्हें भाजपा में आने का न्योता दिया गया था ,ताकि रुद्रपुर कांग्रेस मुक्त हो सके लेकिन उन्होंने इससे साफ इंकार कर दिया था। उन्होंने कहा कि विधायक तिलक राज बेहड़ ,जगदीश तनेजा और उनके भाजपा में जाने का आरोप बिल्कुल गलत है। मीना ने आरोप लगाया कि पिछले निगम चुनाव में सीपी शर्मा ने कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी नंदलाल को हराने का काम किया ।एक ही सोसाइटी में रहने का दावा करने के बाद सीपी शर्मा ने भाजपा प्रत्याशी रामपाल के पक्ष में अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा की वर्ग विशेष के नाम पर उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं जो बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष हिमांशु गाबा का पूरा परिवार कांग्रेस पार्टी में समर्पित रहा है और उनके जिला अध्यक्ष बनने पर किसी भी कार्यकर्ता को कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन जब सीपी शर्मा को नगर अध्यक्ष बनाया गया तो पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की राय नहीं जानी गई। जिससे कार्यकर्ताओं में रोष है। पूर्व नगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा ने कहा कि जानबूझकर उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं। उनसे पूर्व नगर अध्यक्ष के कार्यकाल में सांसद केसी बाबा ,निगम चुनाव में ममता रानी और रुद्रपुर विधानसभा में तिलकराज बेहड़ चुनाव हारे थे ।उनके कार्यकाल में 17 पार्षद निगम में आए थे।जिस सिडकुल की स्थापना पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलक राज बेहड़ ने की थी उसी सिडकुल की बदौलत सीपी शर्मा आज रुद्रपुर में है ।ऐसे में वह आरोप-प्रत्यारोप ना करें ।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक बड़ा परिवार है और परिवार में सभी को एक दूसरे का सम्मान करना चाहिये। इस दौरान महिला मोर्चा की अध्यक्ष मोनिका ढाली, अनिल शर्मा, पार्षद मोनू निषाद, संजीव रस्तोगी, रामप्रसाद ,संतोष गुप्ता ,रंजीत सिंह राणा ,परिमल राय ,अरशद खान आदि मौजूद थे।
