रूद्रपुर। गत रात्रि नगर निगम कार्यालय के समीप ड्यटी जाने के लिए सड़क पार कर रहे बाजार के चौकीदार को तेज गति से आते अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल चौकीदार को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन चिकित्सालय आ पहुंचे और शव देखकर उनमें कोहराम मच गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने चिकित्सालय पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर परिजनों से आवश्यक जानकारी ली तथा शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के अनुसार ग्राम बबूरा थाना मिलक रामपुर निवासी 40 वर्षीय संदीप मिश्रा पुत्र राम भरोसे यहां मोहल्ला रम्पुरा में किरायेदार के रूप में रहता था और बाजार में विधवानी मार्केट में चौकीदार के रूप में काम करता था। बताया जाता है कि गत रात्रि संदीप रोज की तरह रात्रि करीब 8.30 बजे घर से पैदल ड्यूटी के लिए रवाना हुआ। जब वह नगर निगम के समीप सड़क पार कर रहा था इसी दौरान तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन चालक ने उसे टक्कर मार दी और वाहन सहित मौके से फरार हो गया। इस घटना में चौकीदार संदीप को गंभीर चोटें आ गईं। मौके पर खड़े लोगों ने उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही उसके परिजन यहां आ पहुंचे और उनमें कोहराम मच गया। मृतक संदीप चार भाईयों में बढ़े से छोटा तथा अविवाहित था। प्रातः पुलिस ने चिकित्सालय पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।




