रूद्रपुर / पुलिस व एएनटीएफ की टीम ने एक बाइक सवार नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से पुलिस ने नशे के 150 इंजेक्शन बरामद किये हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम 5.40 बजे रम्पुरा पुलिस व एएनटीएफ की टीम संयुक्त रूप से बिलासपुर रोड पर ब्लॉक तिराहे मोड़ के पास चेकिंग कर रहे थे। तभी एक बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार एक युवक बिलासपुर से आता हुआ दिखाई दिया। जिसे रोकने पर वह बाइक पीछे मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। शक होने पर पुलिस कर्मियों ने उसे दौड़कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक कट्टे से नशे के 150 इंजेक्शन बरामद हुए। जिसके कागज मांगने पर वह नहीं दिखा पाया। आरोपी ने अपना नाम खानपुर नंबर एक, दिनेशपुर निवासी गौरव मंडल बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।




