किच्छा। व्यापार मण्डल चुनाव को लेकर चल रहे गतिरोध के बीच पूर्व मंत्री एवं विधायक तिलक राज बेहड़ और उनके समर्थकों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। दूसरी तरफ पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी अपने समर्थकों के साथ धरने पर डटे रहे। विधायक बेहड़ ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला पर हमला बोलते हुए कहा कि पूर्व विधायक ही नगर के व्यापारियों के हितों पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह तो कभी भी चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप नहीं करना चाह रहे थे,किंतु जिस प्रत्याशी को लेकर पूर्व विधायक आपा खो बैठे हैं उस प्रत्याशी को पूर्व में राजेश शुक्ला ही चुनाव लड़ा रहे थे। आखिर ऐसा कौन सा पहाड़ टूट गया है कि मेरे द्वारा मेरे समर्थन में उतरने के बाद वह प्रत्याशी आज व्यापारियों का हितैषी नहीं रहा है।




