रुद्रपुर: पहाड़गंज निवासी एक युवक ने बहन के साथ मारपीट करने और दहेज के लिए उसकी हत्या करने का आरोप लगाते हुए पति समेत अन्य के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी है। साथ ही अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए न्याय की गुहार लगायी है।
पहाड़गंज वार्ड-15 निवासी दानिश ने पुलिस को तहरीर सौंपकर बताया कि उसकी बहन का निकाह 9 दिसंबर 2023 को रामपुर जिले के केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम धमौरा निवासी भूरा के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए बहन को प्रताड़ित करने लगे। ससुराल वाले ऑल्टो कार और पांच लाख रुपये नकद की मांग रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गयी।
आरोप है कि 30 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे पति भूरा, ननदोई अकील और जेठानी नसीम बानो उसकी बहन को गंभीर हालत में मायके के पास छोड़कर चले गए। परिजनों ने उसे रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। तीन दिन उपचार के बाद एक सितंबर को उसकी मौत हो गई। मृतका के भाई ने पति भूरा, सास-ससुर समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या और दहेज उत्पीड़न का प्राथमिक रिपोट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
