बरेली, उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण मंत्री रेखा आर्य की शिकायत पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पप्पू गिरधारी की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। फोन बंद कर फरार बताए जा रहे गिरधारी की तलाश में देहरादून पुलिस बरेली पहुंची, लेकिन खाली हाथ लौट गई। बरेली में उसके खिलाफ दर्ज 39 मुकदमों का पुराना रिकॉर्ड भी फिर चर्चा में आ गया है। पुलिस के मुताबिक, नए मामले में आरोप पत्र दाखिल होने पर उसकी निगरानी दोबारा शुरू की जा सकती है।
मंत्री रेखा आर्य की शिकायत पर मुकदमा दर्ज होने के बाद उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी की तलाश तेज हो गई है। फोन बंद होने के कारण उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। वह शहर में नजर नहीं आया। उसकी तलाश में बरेली पहुंची देहरादून पुलिस को भी खाली हाथ लौटना पड़ा। स्थानीय पुलिस उसकी लोकेशन और अन्य जानकारियां जुटाने में लगी है।
पप्पू गिरधारी का बरेली में पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ 39 मुकदमे दर्ज होने के बाद हिस्ट्रीशीट खोलकर निगरानी की जाती थी। हालांकि, बेहतर चाल-चलन और नई आपराधिक गतिविधि सामने नहीं आने के कारण वर्ष 2014 में निगरानी बंद कर दी गई थी। अब करीब 18 साल बाद उसके खिलाफ उत्तराखंड में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुराना रिकॉर्ड फिर चर्चा में है।
जोगी नवादा निवासी पप्पू गिरधारी के खिलाफ वर्ष 1990 में जैन दंपती हत्याकांड में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद हत्या, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत कई अन्य मामलों में भी उसका नाम सामने आया। वर्ष 2008 में उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी दौरान गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी।
इसके बाद बरेली में उसके खिलाफ कोई नया मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। वह उत्तराखंड में सक्रिय हो गया और इसी दौरान रेखा आर्य से उसकी शादी हुई। कुछ वर्ष पहले उसके भतीजों का नाम पीलीभीत बाईपास पर हुई फायरिंग की घटना में भी सामने आया था। वर्ष 2022 में बारादरी थाने में रेखा आर्य ने पप्पू गिरधारी की पूर्व मैनेजर कल्पना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। बताया जाता है कि इसके बाद विवाद बढ़ता गया। बीते 15 अक्टूबर को रेखा आर्य ने देहरादून में पप्पू गिरधारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड फिर से सुर्खियों में आ गया।
मामले की जांच देहरादून एसआईटी कर रही है। देहरादून पुलिस के अनुसार, एसआईटी बरेली जाकर जानकारी और दस्तावेज जुटा चुकी है। हालांकि, स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि एसआईटी ने बरेली पुलिस से आधिकारिक तौर पर कोई संपर्क नहीं किया है।
ऑडियो में रिंकू की मदद और 25 लाख रुपये का जिक्र
पप्पू गिरधारी का एक महिला के साथ कथित ऑडियो भी प्रसारित हो रहा है। इसमें वह महिला से कहता सुनाई दे रहा है कि रिंकू उसका पूरा सहयोग करेगा और जमानत कराने में भी मदद करेगा। ऑडियो में महिला की मदद के लिए 25 लाख रुपये देने का जिक्र भी बताया जा रहा है। हालांकि, ऑडियो की प्रामाणिकता और उसमें कही गई बातों की स्वतंत्र पुष्टि आवश्यक है।

