उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच तेज हो गई है। सीबीआई की चार सदस्यीय टीम उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उर्मिला सनावर के आवास पर पहुंची। टीम में एक महिला अधिकारी भी शामिल थीं। उर्मिला सनावर को पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताया जाता है।
सीबीआई टीम इस हाई-प्रोफाइल मामले से जुड़े तथ्यों को लेकर उनसे पूछताछ करने पहुंची थी। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। इससे एक दिन पहले सीबीआई ने उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित शिवालिक गेस्ट हाउस में पूर्व विधायक सुरेश राठौर से पूछताछ की थी।
इस सप्ताह की शुरुआत में उर्मिला सनावर ने नई दिल्ली में अंकिता भंडारी के माता-पिता के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया था। इससे पहले उन्होंने वीडियो संदेश के माध्यम से मांग की थी कि सीबीआई उनसे मीडिया की मौजूदगी में पूछताछ करे। उनका कहना था कि जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी मौजूदा न्यायाधीश की निगरानी में नहीं हो रही है।
सनावर से जुड़े कुछ ऑडियो क्लिप और वीडियो वायरल होने के बाद इस साल की शुरुआत में मामला फिर चर्चा में आया था। फेसबुक लाइव के दौरान उन्होंने हत्या में एक कथित वीआईपी की भूमिका का जिक्र किया था। इसके बाद मामले में नए सवाल उठे और विपक्षी दलों तथा विभिन्न संगठनों ने निष्पक्ष जांच की मांग तेज कर दी।
