सरकार के खिलाफ गरजे कांग्रेसी, एक दिवसीय धरना
रुद्रपुर। देहरादून में बेरोजगारों पर हुए लाठी चार्ज और भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में जिले भर के कांग्रेसी सोमवार को गांधी पार्क में महात्मा गांधी जी की मूर्ति के समक्ष धरने पर बैठे।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर युवाओं की आवाज को बलपूर्वक दबाने का आरोप लगाते हुए भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच की मांग की। धरने की शुरूआत कांग्रेस नेताओं ने महात्मा गांधी जी की मूर्ति पर माल्यार्पण करके की। धरना स्थल नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि सरकार युवाओं को आवाज को बलपूर्वक कुचल रही है। भर्ती परीक्षाओं में जांच पूरी हुए बिना ही दोबारा परीक्षाएं करवाई जा रही है जो सरासर अन्याय है। हजारों बेरोजगार युवाओं ने सरकार से मात्र यही मांग रखी थी कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती तब तक भर्ती परीक्षाओं को सरकार ना करे लेकिन सरकार युवाओं की जायज मांग को मानने के बजाय उन पर लाठियां बरसा रही है। बेरोजगारों के साथ घोर अन्याय किया जा रहा है जिसकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। देहरादून में बेरोजगार शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन कर रहे थे,लेकिन सरकार ने जानबूझकर लाठी चार्ज करवाया और माहौल खराब किया। युवाओं पर लाठियां बरसाने के साथ ही उन पर मुकदमे लादकर जेल में डाला जा रहा है। इससे युवा सीएम का युवा विरोधी असली चेहरा सामने आ गया है। भाजपा सरकार युवाओं के सपनों की हत्या करने वाले हत्यारों का साथ दे रही है। जिन युवाओं के दम पर भाजपा सत्ता में आई आज सबसे बड़ा विश्वास घात भाजपा सरकार युवाओं के साथ ही कर रही है। खटीमा विधायक भुवन कापड़ी ने भी सरकार को घेरा। युवाओं को रोजगार देने का वायदा करने वाली भाजपा सरकार में युवा निराश और हताश हो चुका है। परीक्षा से पहले ही पेपर लीक हो जाते हैं, जिससे वर्षों से परीक्षा की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं का भविष्य खराब हो रहा है। सरकार युवाओं को सडक़ों पर उतरने के लिए मजबूर कर रही है। युवा अपनी आवाज उठाते हैं तो उनकी आवाज को लाठी के बल पर दबाया जा रहा है। कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। सभा को जसपुर विधायक आदेश चैहान, नानकमत्ता विधायक गोपाल सिंह राणा,पूर्व विधायक संजीव आर्या सहित अन्य वक्ताओं ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान कार्यकारी जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा,संजीव सिंह, प्रेमानंद महाजन, ममता हालदार, हरीश पनेरू, हरीश बावरा, सीपी शर्मा, अनिल शर्मा,सौरभ चिलाना, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश तनेजा, हरेन्द्र लाडी, किन्नू शुक्ला, राजेश प्रताप सिंह, संदीप सहगल, जितेन्द्र सरस्वती, ममता रानी,उमा सरकार, राहुल छिम्वाल, दीपक यादव, अरविंद कुमार, विजय यादव, विनोद कोरंगा, राकेश जोशी, निशांत शाही,फूदेना साहनी, इंद्रजीत सिंह आदि समेत सैकड़ों कांग्रेसी शामिल थे।




