बाजपुर। रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया। रेलवे कर्मचारी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। माना जा रहा है कि ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत हुई है। सूचना पर पहंुची पुलिस ने शव का पंचनामा भर शव को पीएम के लिये भेज दिया। युवक की शिनाख्त शाहजहांपुर यूपी निवासी देव सिंह के रूप में हुई है। मृतक ईंट भट्टे पर मजदूरी का काम करता था।
सोमवार की सुबह रेलवे गेट संख्या 17 से करीब 300 मीटर की दूरी पर एक युवक का क्षत विक्षत शव पड़ा हुआ था। इसकी सूचना रेलवे कर्मी ने पुलिस को दी। वहीं सूचना पर पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि मृतक देव सिंह (42) पुत्र लालाराम मूल निवासी गांव कुतोहापुर शाहजहांपुर यूपी है जो एक सप्ताह पहले ही ग्राम लखनपुर स्थित ईंट भट्टे पर काम करने के लिये आया था। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भर शव को पीएम के लिये भेज दिया। एसआई कैलाश चंद्र नगरकोटी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहंुची थी। उन्होंने बताया कि मृतक युवक शौच के लिये रेलवे ट्रैक की ओर गया था कि वहां से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। बताया कि मृतक अभी अविवाहित था। उन्होंने बताया कि पीएम रिपोर्ट सामने आने पर अग्रिम कार्रवाई की जायेगी।




