काशीपुर। काशीपुर हाईवे चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन की कार्रवाई के बीच व्यापार मंडल के भीतर भी मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। डीडी चौक से गावा चौक तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद जहां व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने त्योहारों के समय अभियान चलाने का विरोध करते हुए इसे व्यापारियों के हितों के खिलाफ बताया, वहीं व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष और महामंत्री ने उनके बयान से असहमति जताई।
दोनों पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापार मंडल अध्यक्ष पूरे व्यापारी समाज का प्रतिनिधित्व करने का दावा न करें। उनका कहना था कि पुनर्वास और चौड़ीकरण के मुद्दे पर प्रशासन से बातचीत का रास्ता अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अध्यक्ष व्यापारियों को गुमराह कर रहे हैं और अनावश्यक विवाद खड़ा कर रहे हैं।
उधर, प्रशासन का कहना है कि हाईवे चौड़ीकरण परियोजना समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी। परियोजना के तहत डीडी चौक से गावा चौक तक सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है, जिससे करीब 56 दुकानदार प्रभावित होंगे। प्रशासन का दावा है कि प्रभावित व्यापारियों के पुनर्वास और आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी काम किया जा रहा है।
गौरतलब है कि चौड़ीकरण अभियान को लेकर व्यापारियों के बीच अलग-अलग राय सामने आ रही है। कुछ व्यापारी पुनर्वास के बाद ही कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि विकास कार्यों में सहयोग करते हुए व्यापारियों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।






