खटीमा। सुनपहर स्थित गुरुद्वारा हरगोविंद सर सिंह सभा में मंगलवार को 21 निर्धन नव जोड़ों का सामूहिक विवाह भारतीय मूल के कनाडा निवासी संदीप ग्रेवाल उर्फ सन्नी एवं समस्त सहयोगियों द्वारा कंचनपुरी सहकारी समिति के पूर्व अध्यक्ष जसविंदर सिंह बाजवा उर्फ पप्पू की देखरेख में कराया गया तथा घर गृहस्थी से उपयोग के सारे सामान वाशिंग मशीन, टीवी, फ्रिज, बॉक्स, टेबल, चेयर, अलमारी, रजाई व गद्दे आदि भेंट कर नवदंपतियों को ग्रेवाल परिवार तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों द्वारा आशीर्वाद देकर विदा किया गया।
गौरतलब है कि भारतीय मूल खटीमा के गांव सुनपहर निवासी वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता संदीप ग्रेवाल उर्फ सन्नी अपने भाई अमनदीप ग्रेवाल सहित वर्तमान समय में कनाडा में निवास करते हैं। संदीप ग्रेवाल लगभग 26 साल पहले कनाडा चले गए थे और वहीं के एनआरआई हैं लेकिन फिर भी वतन की मिट्टी को नहीं भूलते हैं, अपने वतन की माटी की खुशबू उनको प्रतिवर्ष खींचकर यहां लाती है और हर वर्ष यहां पहुंच कर गरीब परिवारों की मदद करते हैं तथा निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह भी कराते रहते हैं। इसी क्रम में खटीमा के सुनपहर में पहुंचे एनआरआई संदीप ग्रेवाल ने 21 निर्धन नव जोड़ों का विवाह धूमधाम से संपन्न कराया तथा घर गृहस्थी से उपयोग के सारे सामान और उपहार भेंट कर उनको आशीर्वाद प्रदान कर विदा किया। गुरुद्वारा ग्रंथि दिलबाग सिंह तथा एनआरआई संदीप ग्रेवाल ने सभी नव जोड़ों का विधि विधान और रीति रिवाज से विवाह संपन्न कराया। वहीं इस शुभ अवसर पर गुरुद्वारे में अखंड पाठ भोग का भी आयोजन किया गया था सभी कार्यक्रम संपन्न होने के बाद विशाल लंगर का भी आयोजन किया गया जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने लंगर छका। इस अवसर पर जादवपुर निवासी उपासना, सीमा, खुशबू, प्रियंका, मनीषा, सिमरन, प्रियंका, भदसरा निवासी पूजा कौर, मेहरबान नगर निवासी पूनम, भिलैया निवासी संगीता, कंचनपुरी निवासी सायरा, जोया जाफरी आदि सहित 21 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। वही एनआरआई संदीप ग्रेवाल यूपी उत्तराखंड के गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाले निजी स्कूलों में अध्ययन करने वाले 6 बच्चों की स्कूल की फीस खर्च वहन कर रहे हैं जो प्रतिवर्ष लगभग 3 लाख 60 हजार रुपये उनके द्वारा स्कूल में जमा किया जाता है। विवाह संपन्न होने के बाद नव दंपतियों सहित उनके परिजनों ने क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, एनआरआई संदीप ग्रेवाल तथा गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। वहीं एनआरआई संदीप ग्रेवाल ने बताया कि भारत हमारी मातृभूमि है और यहां की माटी से मेरा आत्मीय लगाव है। यहां के लोगों का प्यार और वतन की माटी की खुशबू हमको यहां खींच कर लाती है और अपने सहयोगियों के मदद से मेरे द्वारा गरीब एवं निर्धन लोगों को मदद किया जाता रहा है। गरीब निर्धन कन्याओं के विवाह के साथ ही मेरे द्वारा गरीब विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ाने और पढ़ाने में मदद किया जाता है। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के तमाम लोगों से भी अपील भी किया कि सामाजिक कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हुए गरीब एवं निर्धन परिवारों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। वहीं कंचनपुरी समिति के पूर्व अध्यक्ष जसविंदर सिंह बाजवा उर्फ पप्पू ने कहा कि एनआरआई संदीप ग्रेवाल हमारे सहपाठी रहे हैं जो लगभग 26 साल पहले कनाडा चले गए थे लेकिन फिर भी वह अपने वतन की मिट्टी को नहीं भूलते हैं और प्रतिवर्ष यहां पहुंचकर गरीब निर्धन परिवार की कन्याओं के सामूहिक विवाह सहित अन्य सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इस वर्ष भी ग्रेवाल के सहयोग से यहां 21 निर्धन नव जोड़ों का विवाह धूमधाम से संपन्न कराया गया है। इसके लिए उन्होंने ग्रेवाल परिवार सहित समस्त क्षेत्र वासियों व गणमान्य लोगों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। इस मौके पर खटीमा विधायक भुवन चंद्र कापड़ी, भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष गुरसेवक सिंह, एसके पब्लिक स्कूल के प्रबंधक जगजीत सिंह जग्गू, मझोला समिति के चेयरमैन निशांत प्रताप सिंह, सरदार सेवा सिंह, किसान आयोग उपाध्यक्ष राजपाल सिंह, गौरी शंकर, प्रदीप सिंह, देवेंद्र सिंह, रिंकू, सोमनाथ मौर्य, शमीम अख्तर, जिला पंचायत सदस्य अरविंद कुमार तथा विजय शंकर यादव आदि मौजूद रहे।
