रुद्रपुर। विकास भवन सभागार में मंगलवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद एवं निगरानी समिति के अध्यक्ष अजय भट्ट ने की।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। बैठक से पहले सांसद अजय भट्ट ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉलों पर रखे उत्पादों की सराहना की और महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वस्तुओं की खरीदारी भी की। बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई और उनके क्रियान्वयन की प्रगति पर चर्चा हुई। सांसद अजय भट्ट ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक सही समय पर पहुंचे, इसके लिए पूरी तत्परता से कार्य किया जाए। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, मुख्य कृषि अधिकारी अभय सक्सेना, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी आशुतोष जोशी, जिला प्रोबेशन अधिकारी ब्योमा जैन, मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत, काशीपुर नगर निगम के मेयर दीपक वाली, डॉ. रेखा यादव, सतीश चुघ, अमित नारंग के अलावा जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




