रुद्रपुर में नैनाताल हाईवे पर गाड़ी हटाने को लेकर उपजे विवाद के बाद दो पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर लात-घूंसे चले। हमले में कई लोग घायल हो गए। इसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया, लेकिन अस्पताल में भी दोनों पक्ष के बीच कहासूनी हो गई। वहीं एक पक्ष ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम खेमरी बिलासपुर जिला रामपुर निवासी गौरव चौधरी पुत्र सुभाष चौधरी ने आदर्श कॉलोनी चौकी में तहरीर देकर बताया कि सोमवर रात 11 बजे अपने दोस्तों के साथ घर वापस जा रहा था। तभी एक टैक्सी चालक ने उसकी गाड़ी को ओवरटेक करते हुए डीडी चौक के पास गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामला बिगड़ने पर वह अपने दोस्तों को लेकर जब जाने लगा तो आरोपी टैक्सी चालक ने थोड़ा जाकर अपनी गाड़ी गांधी पार्क के पास रोक दी और वह उन लोगों के साथ अभद्रता करते हुए गाली गलौज करने लगा। इसके बाद आरोपी ने अपने कुछ दोस्तों को फोन कर बुला लिया और उन लोगों ने उन लोगों के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की नियत से हाथ में पहने कड़े से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उसके दोस्तों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसके सिर पर सात टांके आये हैं। वहीं इससे जोड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।



