रुद्रपुर। वार्ड नंबर 13 खेड़ा पूर्वी में कब्रिस्तान के अंदर मार्ग निर्माण में ठेकेदार और नगर निगम के अधिकारियों की मिलीभगत का मामला सामने आया है। कारण ठेकेदार ने मार्ग निर्माण में खटिया सामग्री लगायी है। इससे आठ माह के भीतर मार्ग क्षतिग्रस्त होने लगा है। इस संबंध में खेड़ा निवासी मो. तारिक ने नगर आयुक्त को इस संबंध में दो माह पूर्व एक ज्ञापन सौंपा था। इसमें कहा कि जनहित में कब्रिस्तान के अंदर मार्ग का निर्माण कराया गया था। इसका उद्घाटन निवर्तमान मेयर रामपाल सिंह ने 30 नवंबर 2023 को किया था। आरोप लगाया कि मार्ग निर्माण के दौरान ठेकेदार ने वहां से कई ट्रालियां मिट्टी निकाली है। साथ जो निर्माण कराया है वह भी घटिया किस्म का कराया गया है। इसकी पूरी जांच होनी चाहिए। मो. तारिक का कहना है कि जब ठेकेदार से मिट्टी को लेकर विरोध जताया तो ठेकेदार ने बताया कि जल्द ही मिट्टी का भरान करा दिया जाएगा। बावजूद आज तक ठेकेदार के खिलाफ न तो कोई कार्रवाई हुई है और न ही कब्रिस्तान से निकाली गयी मिट्टी का भरान किया गया है। इससे साफ है कि मार्ग निर्माण में लाखों का घोटाला हुआ है।




