बरेली, साधु की शक्ल में शैतान आने के किस्से तो कई बार सुने होंगे, मगर ये अफसाना उस वक्त हकीकत बन गया जब एक घर के अंदर साधु का वेष धारण कर एक लुटेरा पहुंच गया। आटा मांगने के बहाने घर के अंदर घुसा और नशीला पदार्थ सुंघाकर महिला को बंधक बना लिया। गहनों से लेकर नकदी तक सबकुछ लूटकर फरार हो गया। घटना की चर्चा गांव में शुरू हुई तो ग्रामीण भी सकते में गए। गांव वाले यही कहते नजर आए कि अब तो किसी साधू पर भरोसा करने से पहले दस बार सोचना पड़ेगा।
पूरा मामला थाना सिरौली के गांव गुरबा का है, सुबह लक्ष्मी देवी के पति सुनील मौर्य घर से बाहर गए थे। कुछ घंटे बाद लौटकर आए तो देखा कि घर का सामान बिखरा था। घर के बाहर आटा की कटोरी पड़ी थी और कमरे में उनकी पत्नी लक्ष्मी को हाथ पैर बांधकर डाला गया था और वो बेहोश थी। पहली बार को तो सुनील कुछ समझ नहीं पाए। होश में आने पर पत्नी सुनील को पूरा वाकया बताया। लक्ष्मी देवी के मुताबिक सुबह जब वो घर पर अकेली थी तो एक व्यक्ति साधु के वेश में पहुंचा और भिक्षा में आटा मांगा। महिला आटा लेकर आई तो अचनाक बाबा ने उसके ऊपर हमलावर कर दिया और नशीला पदार्थ सुंघा दिया। महिला को बेहोश कर आरोपी ने उसके हाथ पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और फिर पूरा घर खंगाला। महिला के पति सुनील मौर्य के मुताबिक करीब 12000 की नकदी, सोने की चेन, कान के कुंडल, हाथ की अंगूठी लूटकर ले गया।




