रुद्रपुर। अज्ञात कारणों के चलते अलग अलग स्थानों पर महिला व युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामलों की जानकारी मिलने पर पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। निवर्तमान पार्षद सुरेश गौरी व राज्य आन्दोलनकारी हरीश जोशी ने मोर्चरी पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और दाह संस्कार की व्यवस्था करवाई।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से ग्राम कुतुबपुरसीज पोस्ट नारायणपुर थाना मनिहारी जिला कटियार बिहार निवासी सोने लाल करीब 6 दिन पूर्व ही यमुनानगर हरियाणा से परिवार सहित यहां आकर विवेक नगर ट्रांजिट कैंप में किराये के कमरे में रह रहा था और एक कम्पनी में नौकरी कर रहा था। उसका कहना था कि गत दोपहर वह कम्पनी में काम के लिए गया और रात्रि करीब साढ़े बारह बजे घर लौटा तथा खाना खाकर सो गया। प्रातः करीब 4 बजे उसका दो वर्षीय पुत्र लक्ष रोने लगा तो उसने उठकर देखा उसकी पत्नी शारदा उसके पास मौजूद नहीं थी। पुत्र को गोद में लेकर शारदा का ढ़ूढते हुए जब साथ वाले कमरे में पहुचा तो उसने देखा शारदा दुपट्टे से बने फांसी के फंदे से झूल रही थी। जिस पर उसने मकान मालिक व आस पड़ोस के लोगों को बुलाकर शारदा को फांसी से उतार कर उपचार के लिए चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके चार बच्चे 8 वर्षीय युवराज, 6 वर्षीय सुनयना, 4 वर्षीय कसक व 2 वर्षीय लक्ष हैं।
वहीं एक अन्य घटना में नगला पंतनगर निवासी 22 वर्षीय करन पुत्र स्व. दुर्गा साहू ने भी अज्ञात कारणों के घर में गत सायं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके परिजनों ने बताया कि मृतक करन दो भाईयों नरेश व विजय में बीच का था। पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब रहती थी जिस कारण वह मानसिक रूप से तनाव में रहता था। गत देर सायं उसने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके पिता की कई वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है व माता बचपन में ही परिवार को छोड़ गई थी। के दोनों भाई मजदूरी करते हैं। मामले की जानकारी मिलने पर निवर्तमान पार्षद सुरेश गौरी व राज्य आन्दोलनकारी हरीश जोशी ने मोर्चरी पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और दाह संस्कार की व्यवस्था करवाई।




