देहरादून। ऑनलाइन खरीदे गए सामान की डिलीवरी में खेल कर आजियो कंपनी को लाखों रुपये का चूना लगाने वाले चार डिलीवरी ब्वाय पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। चारों ने कंपनी से कुछ ही दिनों में तकरीबन 18 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। आरोपियों के पास से कंपनी का माल और कुछ पॉलीथिन बरामद हुई है। पुलिस चारों को मंगलवार को न्यायालय में पेश करेगी।
इंस्पेक्टर कोतवाली विद्याभूषण नेगी ने बताया कि आजियो कंपनी शैडोफैक्स नाम की कुरियर कंपनी के माध्यम से सामान की डिलीवरी करती है। शैडोफैक्स के एरिया मैनेजर सुरेंद्र प्रताप सिंह ने चौकी धारा में शिकायत में बताया कि काफी दिनों से कंपनी सामान डिलीवर कर रही है। लेकिन, इसके पैसे आजियो कंपनी के पास नहीं आ रहे हैं। बहुत से पैकेट वापस आते हैं, जिनमें कहा जाता है कि ग्राहक ने सामान वापस कर दिया। पर इन पैकेट में भी सामान नहीं निकलता है। कंपनी ने जांच की तो पता चला कि तकरीबन 18 लाख रुपये का सामान इसी तरह गायब कर दिया गया है। यह सारा काम उनके डिलीवरी ब्वॉय के माध्यम से किया जा रहा है। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस इनके बारे में पता करते हुए चारों आरोपियों तक पहुंच गई। कोतवाली पुलिस ने रविवार देर शाम सलीम अली निवासी घड़ी गोखन, मुजफ्फरनगर, जयप्रकाश उर्फ दीपक झा निवासी ग्राम कनहोई थाना घनश्यामपुर जनपद दरभंगा, रोहन उर्फ दीपेंद्र चौधरी, निवासी गोशन नगर, नागवास जनपद मधुबनी बिहार और बंटी निवासी खगौल रोड रामपुर दीनापुर थाना खगोल रामपुर पटना को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से कंपनी का सामान भी बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे कंपनी के माल को एक फेक आईडी के माध्यम से किसी एड्रेस पर मंगवाते हैं। क्योंकि वह एड्रेस फर्जी होता है तो वो आर्डर ऑटोमेटिक कैंसिल हो जाता है। क्योंकि उस आर्डर की डिलीवरी हम ही करते हैं तो वह कैंसिल ऑर्डर वाले कीमती सामान को उस पैकिंग से निकाल कर उसके स्थान पर सड़ा गला सामान पैक कर कंपनी को वापस कर देते हैं। कस्टमर के नाम से मंगवाए गए ब्रांडेड सामान को अलग से महंगे दामों में बेच देते हैं।




