गदरपुर। विगत दिनों तेज हवा एवं ओलावृष्टि के साथ हुई बरसात से किसानों की खराब हुई फसल का मुआवजा दिये जाने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में धरना देकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सभी किसानों को 25 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाव से मुआवजा दिये जाने की मांग की गयी है। इस संबंध में मुख्यमंत्री के नाम सम्बोधित एक ज्ञापन तहसीलदार को दिया गया। सोमवार को कांग्रेस नगर अध्यक्ष सिद्धार्थ भुसरी एवं ब्लाक अध्यक्ष चन्दन सिंह नयाल के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता तहसील परिसर में एकत्र हुए। यहां पर कार्यकर्ताओें ने धरना देते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि 20-21 से 31 मार्च व 1 अप्रैल के मध्य हुई भारी बरसात व औलावृष्टि से किसानों की खेत में खड़ी गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ है। लेकिन शासन व प्रशासन द्वारा किसानों को अभी तक किसी प्रकार की राहत देने की घोषणा नहीं की गयी है। कांग्रेस नगर अध्यक्ष सिद्धार्थ भुसरी, ब्लाक अध्यक्ष चन्दन सिंह नयाल एवं पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन ने कहा कि किसानों की 80 प्रतिशत से अधिक गेहूं की फसल नष्ट हो चुकी है। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल के नुकसान को देखते हुए कांग्रेस ने निर्णय लेते हुए तहसील में धरना दिया है। उन्होंने किसानों के बिजली बिल माफ करने, किसानों के ़ऋण की ब्याज माफ करने मांग की गयी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शासन से प्रत्येक किसान को 25 हजार रुपये एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिये जाने की मांग की है। इसके उपरान्त मुख्यमंत्री के नाम सम्बोधित ज्ञापन तहसीलदार पूजा शर्मा को ज्ञापन सौंपा। धरना प्रदर्शन करने वालों में पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन, पूर्व डीसीबी अध्यक्ष सुभाष बेहड़, मन्नू चैधरी, टेकचन्द कम्बोज, राम विलास, किशोर सामान्त, मनोज देवराड़ी, अमरनाथ चुघ, यामीन अली, विकास सरकार, जगन्नाथ सरकार सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।




