रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप में मंगलवार सुबह पुलिस को किराये के कमरे में रह रहे अधेड़ का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के समीप कच्ची शराब के कई खाली पाउच पाये जाने से संभावना व्यक्त की जा रही है कि अधिक शराब पीने से उसकी मौत हुई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को मूल रूप से सनराईज कॉलोनी, गणेशपुर, पीलीभीत उप्र निवासी 51 वर्षीय धमेन्द्र कुमार पुत्र रूपराम यहां शिव नगर में किरायेदार के रूप में अकेले रहकर सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करता था। बताया जाता है कि गत दिवस वह ड्यूटी से वापस आया और अपने कमरे में चला गया। देर सायं तक जब वह नहीं उठा तो मकान मालिक ने उसके कमरे जाकर देखा तो वह फर्श पर बेसुध अवस्था में पड़ा हुआ था और उसके समीप ही कच्ची शराब के कई खाली पाऊच पड़े हुए थे। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और धर्मेंद्र को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक की पत्नी व दो छोटी पुत्रियां साक्षी तथा आलिया हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।




