रुद्रपुर। भूखण्ड खरीदने के नाम पर बुलाकर एक व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रॉपर्टी डीलर से हजारों की नदी लूट ली और उससे घर से दो चेक मंगवाकर रकम भरकर हस्ताक्षर करवा लिए। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को लिखे शिकायती पत्र में छेदा लाल शर्मा पुत्र टीकाराम शर्मा निवासी जनपथ फेस-2 फुलसुंगा, रुद्रपुर, ने कहा है कि उसके मकान के भूतल पर निर्मित दुकान में उसकी प्रॉपर्टी डीलर की फर्म मैसर्स जय माँ दुर्गा के नाम से है। चार फरवरी को सुबह करीब 11 बजे अज्ञात मोबाईल नम्बर से फोन आया, फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि उसे एक 100 वर्ग गज भूखंड का क्रय करना है। उसे फुलसुंगा स्थित मारूति कुंज में बुलाया। थोड़ी ही देर में वह अपनी मोटर साईकिल से अकेला मारूति कुज पहुंच गया। जहाँ पर उक्त व्यक्ति पहले से बुलेट लेकर अकेला खड़ा था। उसके पहुंचने पर उक्त व्यक्ति ने बताया कि उसके पास एक प्लाट है अगर ऐसी ही लोकेशन का प्लाट मिल जायें, तो वह क्रय लेगा तथा उसे अपने साथ चलने के लिए कहने लगा। छेदालाल का कहना है वह उस व्यक्ति की बातों में आ गया तथा उसके साथ अपनी मोटरसाइकिल पर चलने लगा। थोड़ी ही दूरी पर पहुंचने पर मोटर साईकिलों पर अज्ञात व्यक्ति और आ गये सभी ने उसे घेर लिया और सून-सान जगह ले गये। जहाँ जबरदस्ती उसकी मोटरसाइकिल रुकवा ली, और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी तथा जबरदस्ती उसके मोबाइल से अपने मोबाइल पर फोन पे के जरिये 20 हजार रुपए डलवा लिये। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने तमंचा निकालकर उसकी कनपटी पर रख दिया और कहा कि यदि अपनी जिन्दगी चाहता है तो अभी दो चेक देने होगें। इसके बाद उनके साथ एक व्यक्ति उसके घर गया। चूंकि उसकी कनपटी पर तमंचा लगा हुआ था इसी कारण उसने अपने पुत्र को फोन किया और उक्त व्यक्ति को घर से दो चेक दिलवायें। जब वह व्यक्ति मौके पर पहुंचा तो उक्त व्यक्ति ने उक्त दोनों चेकों पर उसके हस्ताक्षर करा लिये। उक्त चेकों में एक चेक ब्लैंक है और एक चेक में 40 हजार रुपये अंकित करा लिये है। इन लोगों ने मोबाइल से उसकी वीडियो बनाई तथा जबरदस्ती उससे वीडियो रिकॉर्डिंग में कहलवाया कि उसने पुराने लेन-देन के लिए उक्त रकम दी है। अगर इन लोगों की बात नहीं मानता, तो ये लोग उसे जान से मार देते।




