रुद्रपुर। नशे की हालत में एक कर्मचारी ने कार्यालय पहुंचकर अधिकारी सहित कई कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। कर्मचारी की इस हरकत से कार्यालय में हड़कम्प मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कर्मचारी को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल कराया गया।
जानकारी के अनुसार आज दोपहर सहायक श्रम कार्यालय में तैनात अनुसेवक महेश नैनवाल नशे की हालत में कार्यालय में पहुंचा और कार्यालय में मौजूद श्रम परिवर्तन अधिकारी, बाजपुर और डाटा आपरेटर पीयूष आर्या सहित अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। अनुसेवक की इस मारपीट से कार्यालय में हड़कम्प मच गया। सूचना मिलने पर सिडकुल पुलिस चौकी से श्रम कार्यालय पहुंची और आरोपी अनुसेवक को अपनी हिरासत में लेकर जिला चिकित्सालय में उसका स्वास्थ्य मेडिकल करवाया गया। सहायक श्रम आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि उक्त अनुसेवक पूर्व में भी नशे की हालत में कर्मचारियों के साथ मारपीट कर चुका है। आज भी उसने नशे की हालत में पहुंच कर कार्यालय में मारपीट कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर चौकी में बैठा दिया है।




