रुद्रपुर। मोहल्ला रम्पुरा में विगत रात्रि कुछ लोगो ने एक युवक को फोन कर उसे मंदिर के पास बुलाकर जान से मारने की नियत से मारपीट कर उस पर फायर झोंक दिया। हमलावरों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
दर्ज रपट में मोहल्ला रम्पुरा वार्ड 23 निवासी धर्मेंद्र पुत्र राम पाल ने कहा है कि रम्पुरा में ही रहने वाले शिवम चंद्रा पुत्र महेश चन्द्र, विवेक गुप्ता उर्फ वांटेड पुत्र गोविंद उर्फ पप्पू , अरुण गुप्ता पुत्र सुभाष गुप्ता, गगन दिवाकर पुत्र पप्पू दिवाकर, राहुल पुत्र हरीश उसके भाई परिवार से रंजिश रखते हैं। नौ सितंबर की रात्रि रम्पुरा स्थित हनुमान मंदिर में धार्मिक कथा चल रही थी । तभी वहां पर गगन दिवाकर ने साजिश करके अपने मोबाईल से उसके भाई को कॉल करके हनुमान मन्दिर के पास बुलाया। वहाँ पर पहले से ही गगन दिवाकर के साथी शिवम चन्द्रा विवेक गुप्ता , अरुण गुप्ता, राहुल दो तीन अन्य लोग लाठी डण्डे, तमंचे एवं अन्य धारदार हथियार से लैस खड़े थे। भाई के आते ही उन्होंने एक राय होकर उसे पकड़कर गालियां देते हुए बुरी तरह से मारपीट करनी शुरू कर दी। तभी शिवम चन्द्रा ने अपने पास से तमंचा निकालकर भाई की कनपटी पर सटाकर फायर कर दिया । फायर मिस हो जाने से अनहोनी घटना टल गई। भाई ने मंदिर के कथा मंच तक भागकर अपनी जान बचाई। जहां भीड़ होने के कारण हमलावर अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाये। हमलावर भाई को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गये। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरूद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं ।




