टनकपुर। जनपद चंपावत की टनकपुर कोतवाली पुलिस के हाथ भारी सफलता हाथ लगी है कोतवाली पुलिस ने करीब ढ़ाई माह पूर्व हुए हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। इसी के साथ ही रेलवे स्कबर के नीचे मिली महिला की लाश की भी शिनाख्त हो गई है। पुलिस ने मामले में महिला के पति को गिरफ्तार करते हुए हत्याकांड मामले में पर्दा उठा दिया है। मृतका भोजीपुरा की रहने वाली थी। महिला ने प्रेम विवाह किया था। आरोपी पति जौलजीवी में वैल्डिंग का कार्य करता था।
मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए एसपी देवेंद्र पींचा ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि अभियुक्त द्वारा पूछताछ पर मृतका मुस्कान से वर्ष 2020 में प्रेम विवाह होना एवं घर वालों द्वारा घर में नहीं आने देना तथा मुस्कान को बिहार व मुम्बई, पंजाब आदि स्थानों में किराये में रखना तथा उसी दौरान मृतका पर अवैध सम्बन्धों का शक होना तथा एक बार मुस्कान को मुम्बई हाजी अली दरगाह में ले जाकर समुद्र में धक्का देकर हत्या करने की योजना बनाये जाने के दौरान वहां पर काफी लोगों की मौजूदगी होने पर सफल नहीं होना बताया। जौलजीवी में बैल्डिंग का काम करने के दौरान टनकपुर में आते जाते होटल में रुकना एवं टनकपुर के बारे में अच्छी जानकारी होने के कारण पूर्व नियोजित योजना को अंजाम देने की बात कही। बताया कि अभियुक्त 26 जनवरी को अपनी पत्नी को घूमाने के बहाने टनकपुर लाया। वे रात्रि में एक होटल में रुके। अगली सुबह रिजवान अपनी पत्नी मुस्कान को चाय पानी पिलाने और उसके बाद अगले स्टेशन से ट्रेन पकड़ने की बात कहकर रेलवे स्टेशन से पटरी पटरी पैदल ले गया। बाद में ग्राम बिचई के पास रेलवे पटरी पर बनी पुलिया के नीचे कलमठ में ले जा कर उसके पहने दुपटे से उसका गला घोटकर हत्या कर दी। अभियुक्त की निशादेही पर पुलिस ने होटल से आगंतुक रजिस्टर और आधार कार्ड छायाप्रति कब्जे में ली है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक चन्द्रमोहन सिंह, एसएसआई बीएस बिष्ट, एसओ बनबसा लक्ष्मण सिंह जगवाण, एसआई जितेन्द्र सिंह बिष्ट, एसओजी प्रभारी सुरेन्द्र सिंह खडायत, एएसआई लक्ष्मण सिंह देउपा, कांस्टेबल सूरज कुमार, शंकर दत्त, मोहित वर्मा, उमेश गिरी, जितेन्द्र सिंह राणा, गिरीश भट्ट, मतलूब खान, उमेश राज शामिल रहे।




