रुद्रपुर। विगत दिवस सिडकुल की एक फैक्ट्री में दीवार तोड़ने के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए श्रमिक की राममूर्ति हास्पीटल में उपचार के दौरान मौत हो गई। रविवार को मृतक के परिजन फैक्ट्री प्रबंधन से मुआवजे की मांग को लेकर अटरिया रोड में पुल के पास धरने पर बैठ गये। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र मुआवजा नहीं दिया गया तो फैक्ट्री के आगे धरना शुरू कर दिया जायेगा।
परिजनों ने बताया कि मुखर्जी नगर जगतपुरा निवासी 43 वर्षीय संजीत यादव पुत्र भगवानलाल मजदूर अड्डे से राजमिस्त्री का काम करता था। उसे सिडकुल की एक फैक्ट्री का मालिक फैक्ट्री में भवन तोड़ने के काम के लिए ले गया था। जो एक हफ्ते से चल रहा था। 15 फरवरी को संजीत ने प्रबंधन को कहा कि इस दीवार को मत गिरवाओ तोड़ते समय गिर सकती है। लेकिन प्रबंधन ने जबरदस्ती काम करवाया। जिसके कारण दीवार अचानक संजीत के सिर पर आ गिरी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले जिला चिकित्सालय फिर नगर के एक निजी अस्पताल और फिर राममूर्ति हॉस्पिटल बरेली ले जाया गया। जहां संजीत की उसी दिन उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि फैक्ट्री स्वामी ने उन्हे 4 लाख रुपये मुआवजा देने को कहा था लेकिन नहीं दिया। मृतक संजीत का शव आज यहां पहुंचेगा। यदि उन्हें मुआवजा नहीं दिया गया तो वह फैक्ट्री के आगे धरना शुरू कर देंगे। मृतक की 6 पुत्रियां व एक पुत्र है। जिनके भरण पोषण की जिम्मेवारी उन पर आ गई है। धरना देने वालों में निर्धन देवी, रीना, नमिता, सोनी,सरोज, श्यामली, मिथुन यादव,गौरव यादव,रणवीर यादव, विकास ठाकुर, सुनील यादव, मीना देवी, शोभा देवी आदि शामिल थे।




