रुद्रपुर। उत्तराखंड राज्य के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार द्वारा राज्य के इनामी अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे गिरफ्तारी अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ आयुष अग्रवाल द्वारा उत्तराखंड में गैंगस्टर एवं इनामी अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश अपनी टीमों को दिए गए थे । इसी क्रम में कल रात्रि सीओ एसटीएफ सुमित पांडे द्वारा प्रभारी निरीक्षक एमपी सिंह के नेतृत्व में गठित एसटीएफ टीम के द्वारा 03 दिन तक चले ऑपरेशन के बाद थाना ट्रांजिट कैम्प, जनपद उधम सिंह नगर से फरार 25000 रु.के ईनामी अपराधी निहाल सुमन पुत्र स्व0 रविशंकर निवासी तराई विहार, रुद्रपुर को थाना रुद्रपुर स्थित प्रीत विहार कालोनी से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार इनामी थाना ट्रांजिट कैम्प के धारा 420 आईपीसी के एक अभियोग में वांछित चल रहा था।
गौरतलब है कि 22 नवम्बर, 2022 को मुकदमा वादी शैलेन्द्र कुमार निवासी भदईपुरा ,रुद्रपुर द्वारा एक मुकदमा थाना ट्रांजिट कैम्प में अभि0 निहाल सुमन के विरुद्ध फर्जी तरीके से उसके अभिलेखों की कूटरचना व इस्तेमाल कर एक्सिस बैंक रुद्रपुर से 06 लाख का लोन लेने सम्बन्धी पंजीकृत करवाया गया था, तभी से अभि0 फरार चल रहा था, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर द्वारा 05 जून 2023 को 25000 रु0 का इनाम घोषित किया था। पिछले 06 माह में फरारी के दौरान अभि0 उत्तराखण्ड व यूपी के कई स्थानों में छिपकर रह रहा था, और कभी-कभी चोरी छिपे घर आता था। एसटीएफ की इस कार्यवाही में उ0नि0 केजी मठपाल, मुख्य आरक्षी जगपाल सिंह व आरक्षी गुरवंत सिंह की विशेष भूमिका रही। एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल द्वारा बताया गया कि हमारी एक टीम पिछले 3 दिनों से इनामी निहाल सुमन पर काम कर रही थी, निहाल सुमन पर उत्तराखण्ड व उ0प्र0 में धोखाधड़ी, मारपीट व गाली गलौज के कुल 03 मुकदमे दर्ज हैं। इसके द्वारा फर्जी डॉक्यूमेंट के आधार पर बैंक से लोन लिया गया था। कल शाम टीम को एक गोपनीय टिप मिली कि इनामी निहाल उत्तराखण्ड- यूपी बार्डर पर आने वाला है जिस पर टीम द्वारा मौके पर पहुँचकर घेराबन्दी कर कल रात्रि अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। इस वर्ष उत्तराखण्ड एसटीएफ द्वारा अब तक 34 इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। अभी बुधवार को हमारी टीम द्वारा 50000 रु.के एक इनामी अपराधी की गिरफ्तारी कोलकाता से की गयी है। उत्तराखण्ड एसटीएफ का इनामी अपराधियों के खिलाफ गिरफ्तारी अभियान जारी है।




