काशीपुर/बाजपुर। घर के सामने खड़े मजदूर की अवैध खनन से ओवरलोड डंपर की चपेट में आकर मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के मुताबिक बाजपुर थानांतर्गत बन्ना खेड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत गांव जोगीपुरा निवासी पप्पू सागर 26 वर्ष पुत्र स्वर्गीय कृष्णपाल गत शुक्रवार की शाम अपने घर के सामने खड़ा था। इसी दौरान उधर से गुजर रहे अवैध खनन से ओवरलोड डंपर ने मजदूर को चपेट में लेकर उसे बुरी तरह कुचल दिया। मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान आरोपी डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस को मामले की जानकारी मिलने पर उसने तत्काल मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक की शादी को लगभग 4 वर्ष हुए थे। उसके एक दो वर्ष की पुत्री राधिका है। घटना के बाद से पत्नी दीक्षा एवं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं अवैध खनन से से भरे वाहनों को लेकर लोगों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि सुल्तानपुर पट्टी चौकी क्षेत्र में शीशम गेट, मानकी घाट, सुरेंद्रजीत घाट, एवं पटौटी घाट के अलावा बन्ना खेड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र में जोगीपुरा, गुच्छी घाट, त्रिलोक घाट, प्रधान घाट, होंडा घाट, इटववा घाट तथा बेंतखेड़ी में खनन माफियाओं की हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वह पुलिस की शह पर चोरी और सीनाजोरी दोनों कर रहे हैं।
काशीपुर। बेटे को मोटरसाइकिल पर बिठाकर चीज दिलाने बाजार की ओर निकले डंपर चालक को अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली के चालक ने तेजी व लापरवाही से टक्कर मारकर मौत के घाट उतार दिया। बाइक पर सवार मासूम बच्चे की हालत एक प्राइवेट अस्पताल में गंभीर बनी है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उस परिजनों के सुपुर्द कर दिया। जानकारी के मुताबिक बन्नाखेड़ा थाना बाजपुर निवासी राजीव दिवाकर 31 वर्ष पुत्र ओम चरण पेशे से डंपर चालक है। पता चला है कि गति शुक्रवार की शाम लगभग 7ः00 बजे वह अपने 5 वर्षीय पुत्र शिवा को मोटरसाइकिल पर बिठाकर बाजार की ओर चीज दिलाने गया था इसी दौरान बन्ना खेड़ा में अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली के चालक ने तेजी व लापरवाही से मोटरसाइकिल में टक्कर मारकर बाइक चला रहे डंपर चालक को मौत के घाट उतार दिया। एक्सीडेंट की घटना में मोटरसाइकिल पर पीछे सवार 5 वर्षीय मासूम गंभीर रूप से लहूलुहान हुआ जिसे उपचार के लिए काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत लगातार नाजुक बताई जा रही है।




