रुद्रपुर । बुधवार को सिडकुल चौक मदकोटा में सीओ एसटीएफ/ साइबर के कार्यालय का एसएसपी एटीएफ आयुष अग्रवाल और एसएसपी ऊधमसिंह नगर डॉ. मंजूनाथ टीसी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान एसएसपी एटीएफ ने कहा कि सीओ कार्यालय खुलने से फरियादियों को अपनी शिकायतें उन तक पहुंचाने में आसानी होगी। थाना स्तर पर अगर फरियादी संतुष्ट नहीं होता है तो वह सीओ ऑफिस में जाकर अपनी फरियाद सुना सकता है। उन्होंने कहा कि सीओ कार्यालय खुलने से फोर्स और जनता दोनों को सहूलियत होगी।
बुधवार को हुए उद्घाटन के दौरान एसएसपी एसटीएफ आयुष ने कहा कि साइबर क्राइम और संगठित अपराधों के अनावरण के लिए कुमाऊं में एसटीएफ की शाखा खोली गयी थी। 2021 में यहा साइबर थाना भी स्थापित किया गया। एक साल पहले यहा सीओ की तैनाती की गई थी। सीओ कार्यालय की यहां जरूरत महसूस हुई इसलिए यहां कार्यालय खोला गया है। वहीं इस दौरान एसएसपी ऊधमसिंह नगर डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि एसटीएफ की भूमिका बेहद अहम है। संगठित अपराधों, नारकोटिक्स, आर्थिक अपराधों समेत संगीन अपराधों के अनावरण में एसटीएफ की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। 10 लाख से अधिक के साइबर आर्थिक फ्रॉड के मामलों को एसटीएफ भी देखती है। निश्चित तौर पर सीओ कार्यालय खुलने फोर्स और फरियादियों दोनों का फायदा मिलेगा।




