दिनेशपुर। तराई केंद्रीय वन प्रभाग के टांडा रेंज अंतर्गत जयनगर नंबर 3 में 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर एक नर हाथी की मौत हो गई। नर हाथी की उम्र 8 से 10 साल बताई जा रही है। जंगल से खेतों में आए हाथी की पीठ बेहद नीचे से गुजर रही लाइन में छू गई और हाथी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने हाथी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार जयनगर नंबर तीन में एक नर हाथी का शव बरामद होने से हड़कम्प मच गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम के एसडीओ मयंक मेहता ने बताया कि प्रथम दृष्टया हाथी पानी की या घास की तलाश में जंगल से आबादी वाले क्षेत्र में आया और हाईटेंशन लाईन की तारें काफी नीची होने के कारण यह हाथी उसकी चपेट में आ गया और इस हाथी की मौत हो गई। नर हाथी की उम्र 8 से 10 साल बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन को ऊंचा करने के लिए ऊर्जा निगम से कई बार कहा गया था, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गयी।




