रूद्रपुर।दिल्ली जेल से रिहा होने के बाद तमंचा दिखाकर टशन बाजी दिखाने वाले एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और तमंचा व चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार दरोगा देवेंद्र सिंह मेहता टीम के साथ भूरारानी तेल मिल के समीप गश्त कर रहे थे कि पैदल जा रहा एक युवक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर अभियुक्त को दबोच लिया और तलाशी लेने पर एक 315 बोर का तमंचा व चार जिंदा कारतूस बरामद किए। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम न्यू अशोक नगर व हाल निवासी रोज बिला सामिया लेक सिटी निवासी रवि यादव बताया। बताया कि कुछ माह पहले ही वह दिल्ली के थाना मयूर बिहार जेल से रिहा हुआ है और कॉलोनी वालों से उसका विवाद भी चल रहा है। यहीं कारण है कि वह तमंचा रखकर कॉलोनी वासियों को डराने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।




