रूद्रपुर । मुख्य विकास अधिकारी विशाल मिश्रा ने विकास भवन परिसर से पोषण पखवाड़े के अन्तर्गत पोषण के प्रति जनजागरूकता हेतु जागरूकता रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर श्री मिश्रा ने कहा कि पोषक तत्व शरीर के लिए बहुत आवश्यक हैं और कार्यों के संचालन के लिए आवश्यक एवं महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने कहा कि पोषक तत्व ऊर्जा उत्पादन, उपापचय क्रिया, शारीरिक वृद्धि, अनुवांशिकता, शरीर में टूट-फूट की मरम्मत आदि अनेकों कार्य इनके द्वारा ही होता है। उन्होंने कहा कि पोषण की कमी से विभिन्न प्रकार के रोग होने के संभावनाएं बढ़ जाती हैं। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि पोषण के प्रति जन-जागरूकता हेतु कृषि विभाग के समन्वय से पोषण रथ को जनपद के सभी विकासखण्डों में भेजा जा रहा है। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी उदय प्रताप सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी एके वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।




