गदरपुर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनिल सिंह के सुपुत्र युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष सुमित सिंह (28) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक युवक चार भाई बहिनों में सबसे बड़ा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार गांधी नगर वार्ड नंबर 2 में रहने पूर्व पालिका अध्यक्षा लीलावती के पुत्र अनिल सिंह का 28 वर्षीय पुत्र सुमित सिंह जो युवा कांग्रेस कमेटी का गदरपुर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष था। शिशु मंदिर रोड निवासी अनिल सिंह का बड़ा पुत्र सुमित सिंह रात्रि को खाना खाकर अपने कमरे में सो गया था। रविवार की दोपहर करीब 2 बजे अनिल सिंह ने अपनी पत्नी चंद्र सिंह से कमरे के अंदर सो रहे सुमित सिंह को उठाने के लिए कहा। कमरा अंदर से बंद था। आवाज लगाने पर भी सुमित सिंह ने कोई जवाब नहीं दिया तो अनिल सिंह ने पास में रहने वाले उसके दोस्तों को बुलाया और दरवाजा खुलवा कर सुमित सिंह को उठाने के लिए कहा। मौके पर पहुंचे दोस्तों और परिजनों के काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खोला तो उन्होंने जैसे तैसे दरवाजा खोला और अंदर जाकर देखा तो बेड पर सुमित सिंह मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। सुमित सिंह को मृत अवस्था में देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। सुमित सिंह की मौत की सूचना मिलने पर लोगों की भीड़ पूर्व पालिका अध्यक्ष लीलावती के आवास पर एकत्र हो गई। पालिका अध्यक्ष गुलाम गौस, पूर्व पालिका अध्यक्ष सुरेश कंबोज, सभासद ऋषभ कंबोज, बृजेश चौधरी, अमरजीत सिंह, पूर्व सभासद मोहम्मद रफी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य टेकचंद कंबोज सहित तमाम संगठनों से जुड़े लोग भी मौके पर पहुंच गये और सुमित की मौत पर शोक जताया। वही सूचना मिलने पर थाना गदरपुर से उपनिरीक्षक चंद्र सिंह भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली।




