किच्छा। ड्यूटी से लौटते समय बाइक सवार टाटा मोटर्स में तैनात कर्मचारी की आवारा पशु से टकरा कर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जसविंदर सिंह (45) पुत्र बलकार सिंह निवासी बिलासपुर यूपी पिछले आठ साल से अपनी ससुराल नानक नगर बंडिया वार्ड पांच किच्छा में रहता था। वह पंतनगर में टाटा मोटर्स कंपनी में काम करता था। बुधवार रात जसविंदर सिंह रोज की तरह अपनी बाइक से अपने घर आ रहा था। बाइक पर पीछे उसका सहयोगी मुकेश निवासी बंडिया भट्टा वार्ड पांच किच्छा बैठा हुआ था।
बताया जा रहा है कि रात लगभग साढ़े बारह बजे हल्द्वानी रोड पर ग्राम गोकुलनगर के निकट उनकी बाइक सड़क पर घूम रहे आवारा पशु से टकरा गई। हादसे में जसविंदर के सीने में गुम चोट लग गई। उसने मोबाइल फोन से अपने घर हादसे की जानकारी दी और अचेत हो गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही परिजन पड़ोसियों के साथ कार लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। अचेत अवस्था में जसविंदर को सीएचसी लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।




