रूद्रपुर। सड़क किनारे वाहन की प्रतीक्षा कर रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।
जानकारी के मुताबिक मूल रूप से रानीखेत के ग्राम भुजान बोहरा निवासी 38 वर्षीय आनन्द सिंह बोरा पुत्र शिव सिंह यहां जगतपुरा आवास विकास में किराये के मकान में रहता था। सोमवार सुबह आनन्द गदरपुर रोड किरतपुर मोड़ पर वाहन की प्रतीक्षा कर रहा था तभी अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया। घटना के बाद वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर भीड़ लग गयी। सूचना पर एसआई मुकेश मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गये। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।




