रुद्रपुर। एसपी कार्यालय के बाहर पीड़िताओं को न्याय दिलाने के लिए मंगलवार को महिलाओं ने प्रदर्शन किया। महिलाएं सुरक्षा घेरे को तोड़ एसएसपी गेट तक पहुंच गई। जिससे प्रदर्शनकारियों व पुलिस में धक्का मुक्की हुई। जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस ज्योति रौतेला ने नर्स हत्याकांड की सीबीआई की जांच की मांग की है। प्रदर्शन में कई महिलाएं शामिल रहीं। धरना प्रदर्शन के दौरान उस समय हड़कम्प मच गया जब महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला बेरिकेटिंग पार करने के दौरान पुलिस अधिकारियों से नोंकझोंक करते समय बेहोश हो गई। उन्हें तत्काल भीड़ से दूर ले जाकर पानी पिलाया गया। कुछ देर के बाद होश में आने पर श्रीमती रौतेला पुनः धरना स्थल पर पहुंचकर प्रदेश सरकार व पुलिस के खिलाफ गरजने लगी। वहीं बेरिकेडिंग को लांघने के दौरान कुछ लोगों को हल्की चोटें भी आईं।
देव भूमि उत्तराखण्ड में महिलाओं के साथ हो रही आपराधिक घटनाओं के खिलाफ महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में जनपद सहित विभिन्न क्षेत्रों से आई सैकड़ों पार्टी कार्यकत्रियों ने एसएसपी कार्यालय के समक्ष पुलिस व भाजपा सरकार के विरूद्ध जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान एसएसपी कार्यालय कूच करते समय पुलिस प्रशासन द्वारा की गई बेरिकेटिंग को पार करते समय श्रीमती रौतेला सहित कई नेत्रियों की पुलिस अधिकारियों से तीखी नोंक झोंक भी हुईं। जिस पर सभी महिलाओं ने एसएसपी कार्यालय के मुख्य गेट के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकत्रियांे ने राष्ट्रीय राजमार्ग से ज्यों ही एसएसपी कार्यालय की ओर जाने का प्रयास किया पुलिस द्वारा रस्सियां लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की गई। लेकिन नारेबाजी करती महिलायें रस्सियों को पीछे करते हुए आगे बढ़ती गई। जिस पर पुलिस द्वारा फिर रस्सियों को लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया गया लेकिन प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला वहां तैनात पुलिस कर्मियों को पीछे धकेलती हुई आगे बढ़ती गई। महिलाओं को आगे बढ़ते देख एसएसपी कार्यालय गेट के आगे बेरिकेटिंग लगा दी गई। जहां प्रदेश अध्यक्ष ने उसे भी पार करने की कोशिश की तो उनकी पुलिस अधिकारियों से तीखी नोंकझोंक हो गई। जिस पर सभी महिलाएं वहीं पर ही भाजपा सरकार, पुलिस व भाजपा विधायक के विरूद्ध नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गई।




